झूलना झुलाओ – शायद उनका गाया हुआ ये पहला गीत था.
कुंदन लाल सहगल अपने गाये करीब ढ़ाई सौ गानों के ज़रिये अवाम में आज भी ज़िंदा हैं । जब तक अच्छा संगीत सुननेवाले इस दुनिया में रहेंगे तब तक सहगल की आवाज़ हमेशा फ़ज़ा में गुंजेगी । अपने छोटे से जीवनकाल –04 अप्रैल 1904 से 18 जनवरी 1947– यानी गायकी जीवन के पंद्रह से भी कम सालों में गिनी चुनी फिल्में और इतने कम गानों के साथ अपने समय में वे लोकप्रियता की हद तक पहुंचे ।
दिल्ली रेल्वे स्टेशन पर टाइमकीपर, फिर टाइपराइटर मशीन के सेल्समॅन रहने के अलावा चमड़े की फॅक्टरी में भी उन्होंने काम किया । जम्मू में जन्मे और कलकत्ता में रेडियो स्टेशन पर गाना गाते आर सी बोराल ने उनको न्यू थियेटर्स के लिये चुना । फिल्म ‘पूरन भगत’ —1932 में दो गानों ‘राधे रानी दे डारो ना…’ व ‘भजुं मैं तो भाव से श्री गिरधारी…’ को गाने के लिये उन्हें 25 रुपये मिले पर उसके रेकॉर्डस् हज़ारों में बिके, तब ग्रामोफोन कंपनी को लगा कि सहगल के साथ यह अन्याय हुआ है तब रॉयल्टी के आधार पर उनसे गवाने की दरख़्वास्त रखी गयी । सहगल बहुत भोले थे, बोले –अगर मेरा गाना नहीं चला तो आपके पच्चीस रुपये भी डूब जाएंगे– यहाँ सहगल ने कंपनी से मौखिक करार किया और यहीं से रॉयल्टी की प्रथा भी शुरु हुई । 1940–1941 में न्यू थियेटर्स में आग लगी जिसमें उनकी शुरु की असफल फिल्में –मुहब्बत के आंसू ,ज़िन्दा लाश, सुबह का सितारा, जल गयीं ।
न्यू थियेटर्स की ‘चंडीदास’ लोकप्रियता की पहली सीढ़ी थी । बाद में भारी सफल फिल्म ‘देवदास’ से वे बतौर गायक–एक्टर इतने मशहूर हुए कि लोकचाहना के शिखर तक पहुंच गये ।’बालम आए बसो मोरे मन में…’ और ‘अब दिन बितत नाहीं, दुख के…’ जैसे श्री केदार शर्मा के लिखे गानों ने शरतचंद्र के एक नाकाम, निराश प्रेमी की छवि को अमर बना दिया । देवकी बोस के निर्देशन में इस पहली पूर्ण सामाजिक फिल्म से स्वर्गीय बिमल रॉय भी जुड़े थे । एक निरंतर चली आती असफल, दुखदायी प्यार की दास्तान को जिस तरह पेश किया गया था उससे आहत हुए बिमल रॉय ने बाद में 1955 में अपने निर्देशन में ‘देवदास’ बनाकर इसी वेदना को दोहराया ।’प्रसीडेंट’, ‘दुश्मन’, ‘ज़िंदगी’, ‘स्ट्रीट सींगर’, ‘सूरदास’, ‘मेरी बहन’ ऐसी फिल्में हैं जो उन्हों ने अपने फिल्म जीवन के मध्यान्ह के समय कीं, और ज़ाहिर है, इन फिल्मों के गानों की गूंज न सिर्फ उस समय परंतु आज भी और आने वाले सालों तक सुनी जाएगी । बंबई में, उनकी बाद की फिल्में रणजीत की ‘तानसेन’, और ‘भँवरा’, कारदार की ‘शाहजहाँ’ थी ।’तदबीर’ और ‘परवाना’ में उस समय की उभरती गायिका–अदाकारा सुरैया के साथ नायक बने ।’शाहजहाँ’ व ‘परवाना’ उनकी अंतिम फिल्में थीं ।’ऐ दिले बेकरार झूम…’, ‘जन्नत ये बनायी है मोहब्बत के सहारे…’ —शाहजहाँ और ‘मोहब्बत में कभी ऐसी भी हालत पाई जाती है…’, ‘कहीं उलझ न जाना…’ —परवाना फिल्मों के यह गाने गा कर उन्हों ने साबित कर दिया कि उनकी न्यू थियेटर्स की शुरु की गायकी —1933–34— और आख़िरी —1947— की गायकी की उत्तमता में कोई फ़र्क नहीं आया था ।
जितनी सहजता से वे अपनी मातृभाषा पंजाबी में गाते थे उतनी ही मीठास से वे बंगला गाने गाते थे ।पंजाबी एक या दो जब कि बंगला के कई गाने उनके उपलब्ध हैं ।हिंदी में उन्हों ने कृष्ण भजन बहुतेरे गाये हैं —भजुं मैं तो भाव से श्री गिरधारी, —राधे रानी दे डारो ना, —सुनो सुनो हे कृष्ण काला, फिल्म ‘सूरदास’ व ‘चंडीदास’ आदि के भजन भी कृष्ण भजन में शामिल हैं, पर उनका कोई राम भजन जेहन में नहीं आ रहा है ।
यह सत्य भी सभी जानते हैं कि हमारे सभी नामी गायक जैसे मुकेश, लता मंगेशकर, किशोर कुमार किस तरह अपने शुरूआती दौर में कुंदन लाल सहगल की नकल किया करते थे, इस बात का ज़िक्र उन्हों ने ख़ुद हमेशा किया है । लता जी ने कुंदन लाल सहगल के ‘सो जा राजकुमारी…’ को कॅसेट में भी गाया है । मुकेश का ‘दिल जलता है तो जलने दे…’ पहली नज़र व किशोर कुमार का ‘मरने की दुआएं क्यूँ मांगू…’ —ज़िददी— दोनों गीत इस बात की मिसाल हैं कि कुंदन लाल सहगल की तान उन पर किस कदर हावी थी । किशोर कुमार इस कदर सहगल के दीवाने थे कि वे अपने घर में निरंतर, लगातार ज़िंदगी के आख़िर दिनों तक उनके गाने सुना करते थे,यह बात उनकी पत्नी लीना चंदावरकार ने बतायी । सुना है कि महान कालाकार प्रेमनाथ भी हर समय, फिल्म शूटिंग के दौरान भी, कुंदन लाल सहगल के गानों की कसॅट सुन करते थे ।पिछली पीढ़ी के अदाकार जो कि एक गहरी साहित्यिक और भाषाई —हिंदी, उर्दू —की समझ, ज्ञान रखते थे, सहगल की गायकी के कायल रहे हैं जिनमें कला के महान स्तंभ अशोक कुमार, प्राण, राज खोसला जैसे अनगिनत नाम हैं । सहगल के लहज़े की नकल उस दौर के व बाद के हर गायक ने कहीं न कहीं की । सहगल के गैर फिल्मी गीतों–ग़ज़लों की गायकी परंपरा को सी एच आत्मा, तलत मेहमूद, जगमोहन जैसे कलाकारों ने आगे बढ़ाया ।
नौशाद ने कुंदन लाल सहगल की मृत्यु के बाद जालंधर में मनायी गयी उनकी बरसी पर लिखा था —संगीत के माहिर तो बहुत आए हैं लेकिन दुनिया में कोई दूसरा ‘सहगल’ नहीं आया ।

No comments:
Post a Comment