➡️ही-मैन के दीवाने अभिनेता
धर्मेंद्र की खूबसूरती को लेकर एक वाकया है। कहा जाता है कि जब गोविंदा की पत्नी गर्भवती हुईं, तो गोविंदा ने धर्मेंद्र की तस्वीर लाकर अपनी पत्नी को दिया। ताकि होने वाला बच्चा धर्मेंद्र की तरह ही खूबसूरत हो।
यह बात जब धर्मेंद्र को पता चली तो उनकी आंखों से आंसू आ गए। वहीं ऋतिक रोशन भी धर्मेन्द्र के फैन हैं। बचपन में उनके कमरे में धर्मेन्द्र का बड़ा पोस्टर लगा हुआ था। कुछ वर्ष पहले रितिक के मस्तिष्क की सर्जरी हुई थी। ठीक होने के बाद सबसे पहला फोन उन्हें धर्मेन्द्र का ही आया था।
सलमान खान के भी प्रिय हीरो धर्मेन्द्र हैं। धर्मेन्द्र भी कई बार कह चुके हैं कि सलमान और उनमें कई समानताएं हैं और वे भी जवानी के दिनों में सलमान की तरह हुआ करते थे।
सलमान खान की फ़िल्म 'प्यार किया तो डरना क्या' में काम करने के बदले में धर्मेन्द्र ने एक पैसा नहीं लिया। फ़िल्म का शेड्यूल लंबा था, तो सलमान के पिता सलीम खान ने अपने बेटों से कहा कि वे धर्मेन्द्र का विशेष ध्यान रखें।
➡️राजनीति-पुरस्कार
अभिनेता बनने के बाद राजनेता बनने चले धर्मेंद्र को जल्द ही समझ आ गया कि यह राजनीति उनके बूते का राग नहीं है। वर्ष 2004 में भारतीय जनता पार्टी के साथ धर्मेन्द्र को राजस्थानी शहर बीकानेर से संसद सदस्य बनाया गया। लेकिन वे अपने क्षेत्र में जाने के बजाय अपने खेतों में और अभिनय में रमे रहे। इस बात से उनके संसदीय क्षेत्र के रहवासी काफ़ी नाराज भी हुए।
वर्ष 2012 में धर्मेंद्र को भारत सरकार की तरफ से 'पद्म भूषण' से सम्मानित किया गया। धर्मेन्द्र के लिए अभिनेता दिलीप कुमार ने एक अवॉर्ड फंक्शन के दौरान कहा कि वो धरती के सबसे ज्यादा हैंडसम इंसान हैं, भगवान ने बड़ी फुरसत से इन्हें बनाया है। ' ये बात सुनकर धर्मेद्र भावुक भी हो गए थे।
चार बार फिल्मफेयर पुरस्कार के सर्वश्रेष्ठ अभिनेता की श्रेणी, एक बार श्रेष्ठ सहायक अभिनेता की श्रेणी और श्रेष्ठ कॉमेडियन की श्रेणी में धर्मेन्द्र का नामांकन हुआ, लेकिन उन्हें कभी यह पुरस्कार हासिल नहीं हुआ। उन्होंने फिल्मफेयर लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड्स के दौरान कहा कि कई बार उन्हें इस उम्मीद के साथ नया सूट सिलवाया कि अवॉर्ड मिलेगा, लेकिन नहीं मिला।
No comments:
Post a Comment